मुलताई (बैतूल): बैतूल पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलताई पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बाहर से नकदी और जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को राजस्थान के झालावाड़ से गिरफ्तार कर लिया है।
क्या थी पूरी घटना?
बीती 20 मार्च 2026 को ग्राम देवरी निवासी रवि सरोदे ने मुलताई के नागपुर नाका स्थित पंजाब नेशनल बैंक से ₹50,000 की राशि निकाली थी। राशि को बैग में रखकर उन्होंने अपनी बाइक पर टांगा और पास ही के एक ठेले से अंगूर खरीदने लगे। इसी बीच अज्ञात चोर ने पलक झपकते ही बैग पार कर दिया। बैग में नकदी के अलावा एक सोने की अंगूठी भी थी, जिसकी कुल कीमत करीब ₹70,000 बताई गई थी।
CCTV फुटेज से खुला राज
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों की सघन जांच की। फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त राजगढ़ जिले के कुख्यात 'कड़िया सासी' गिरोह से जुड़े प्रिंस उर्फ नकुल सिसोदिया (20 वर्ष) के रूप में हुई।
राजस्थान में दी दबिश, ₹35 हजार बरामद
आरोपी की लोकेशन ट्रैक करते हुए मुलताई पुलिस की टीम ने राजस्थान के झालावाड़ जिले में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई राशि में से ₹35,000 नगद बरामद किए हैं। आरोपी को आज 14 अप्रैल को न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में मुलताई थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार, सउनि मोहनलाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक गजराज, आरक्षक गोपाल, आरक्षक चालक सेवाराम और आरक्षक आनंद का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की अपील:
एसपी वीरेन्द्र जैन ने आम जनता से अपील की है कि बैंक से मोटी रकम निकालने के बाद उसे लापरवाही से वाहन पर न छोड़ें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
ब्यूरो रिपोर्ट: ( पाशा खान) ऑल इंडिया खबर (मुलताई)
0 टिप्पणियाँ