all india khabr

all india khabr

अंधविश्वास का खूनी खेल: मुलताई में जादू-टोने के शक में 12 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या, पुलिस ने 48 घंटे में किया सनसनीखेज खुलासा ।


मुलताई (पाशा खान)।

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां अंधविश्वास और जादू-टोने के फेर में आकर दो दरिंदों ने एक 12 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। मुलताई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस अंधे हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

खेलने के बहाने ले गए और ली जान

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम ताईखेड़ा निवासी फरियादिया संगीता पति सद्दू आहके (36 वर्ष) ने 22 जून 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 12 वर्षीय नाबालिग बेटा अंकुश आहके 20 जून की दोपहर से लापता है। मां ने गांव के ही सुदामा इनवाती पर शक जताया था, जो अंकुश को खेलने के बहाने अपने साथ ले गया था।

​रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) (अपहरण) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

लोहे की रॉड से हमला और रस्सी से घोंटा गला

​मामले की गंभीरता को देखते हुए बैतूल पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे और एसडीओपी मुलताई श्री शिव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुलताई श्री विकास पटेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​पुलिस ने जब संदेही सुदामा इनवाती को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जो खुलासा किया उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी सुदामा ने कबूल किया कि उसने अपने साथी राकेश उइके के साथ मिलकर अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में अंकुश की हत्या की साजिश रची थी। योजना के मुताबिक वे बच्चे को फुसलाकर ले गए और उस पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद रस्सी से गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

जंगल के नाले में बोरी में बंद मिला शव

​आरोपियों ने हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मासूम अंकुश के शव को एक बोरी में बांधा और ग्राम सालईढाना के जंगल में स्थित एक नाले में फेंक दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने जंगल के नाले से बोरी में बंद शव को बरामद कर लिया है, जिसकी पहचान परिजनों ने कर ली है।

​हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) और 3(5) का इजाफा किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है:

  1. सुदामा पिता मोहन इनवाती (उम्र 18 वर्ष 3 माह)
  2. राकेश पिता रमेश उइके (उम्र 36 वर्ष)
  3. पुलिस अधीक्षक की जनता से बड़ी अपील

    ​इस जघन्य हत्याकांड के बाद बैतूल एसपी श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से भावुक और कड़क अपील की है। उन्होंने कहा कि— "समाज में अंधविश्वास, जादू-टोना और अफवाहों की कोई जगह नहीं होनी चाहिए। यह समाज के लिए एक घातक बीमारी है, जिसके कारण आज एक बेकसूर मासूम की जान चली गई। किसी भी प्रकार की शंका या विवाद होने पर कानून को हाथ में न लें, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें। जागरूक और वैज्ञानिक सोच ही ऐसे अपराधों को रोक सकती है।"


    - ऑल इंडिया ख़बर ब्यूरो रिपोर्ट

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ