मुलताई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: निर्माणाधीन मकान से लाखों के बिजली वायर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
मुलताई/बैतूल। जिला पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में बैतूल पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलताई पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दुनावा चौकी क्षेत्र के एक निर्माणाधीन मकान से लगभग 98 हजार रुपये मूल्य के बिजली वायर चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है, जबकि उसका एक साथी फिलहाल फरार है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, आवेदिका श्रीमती चमेली बाई पति जी.एस. रघुवंशी (निवासी कालापाठा, बैतूल) ने दुनावा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दुनावा स्थित उनके निर्माणाधीन मकान (आदित्य TVS के सामने) से अज्ञात चोरों ने हेवेल्स कंपनी के बिजली वायर के 28 बंडल चोरी कर लिए हैं। चोरी गए माल की कुल कीमत लगभग 98,000/- रुपये बताई गई थी।
CCTV फुटेज से खुला राज
शिकायत मिलते ही मुलताई थाना प्रभारी श्री नरेंद्र सिंह परिहार ने एक विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान जब घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए, तो पुलिस को अहम सुराग मिले। फुटेज में 22 मार्च को दो व्यक्ति स्कूटी से आकर मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए साफ दिखाई दिए।
एक आरोपी गिरफ्तार, 95 हजार का माल बरामद
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर नितिन विश्वकर्मा (उम्र 38 वर्ष), निवासी भारत भारती, कोतवाली बैतूल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए 28 बंडलों में से 26 बंडल बरामद कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 95,000/- रुपये है।
मामले में दूसरा आरोपी सूरज उर्फ एलियन भावसार अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 201/2026 धारा 331(3), 305(ए) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में मुलताई थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, चौकी प्रभारी दुनावा नेपाल सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक सुनील पांड्रम, आरक्षक अभिषेक वाडीवा, नरेश तुमराम, सोनू भारती और सैनिक विजय रघुवंशी की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखें। उन्होंने CCTV कैमरे लगवाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल 100 या नजदीकी थाने में देने का आग्रह किया है।
0 टिप्पणियाँ