all india khabr

all india khabr

मुलताई: रंजिश की आग में जला गरीब का आशियाना; पेट्रोल डालकर फूंका घर, 3 बकरियां जिंदा जलीं, लाखों की राख ।



मुलताई ( पाशा खान )। तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम चौथिया में आपसी रंजिश के चलते इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ अज्ञात आरोपियों ने एक घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस भीषण अग्निकांड में घर के अंदर रखा अनाज, घरेलू सामान, जेवर और नगदी जलकर राख हो गए। सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि घर में बंधी तीन बेजुबान बकरियों की भी जलकर दर्दनाक मौत हो गई।

पेट्रोल डालकर लगाई आग, लाखों का नुकसान

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी कचरिया बिसंद्रे निवासी ग्राम चौथिया के घर को बीती रात अज्ञात हमलावरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने घर के चारों ओर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि पीड़ित परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घर में रखा सालभर का अनाज, बर्तन, कपड़े, सोने-चांदी के जेवर और मेहनत की कमाई के नगद रुपए सब कुछ जलकर खाक हो गए।

बेजुबानों की तड़प-तड़प कर मौत

​इस आगजनी की घटना में इंसान तो जैसे-तैसे बच गए, लेकिन घर के भीतर बंधी तीन बकरियां आग की लपटों से बाहर नहीं निकल सकीं और मौके पर ही उनकी जिंदा जलने से मौत हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, उनकी जीवन भर की जमा पूंजी एक झटके में राख के ढेर में तब्दील हो गई।

फायर ब्रिगेड की सक्रियता से टला बड़ा हादसा

​आगजनी की सूचना मिलते ही मुलताई से फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर टीम के सदस्य भूपेंद्र सिंह राठौर और राहुल चन्डालिया ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो आसपास के मकान भी इसकी जद में आ सकते थे और नुकसान का आंकड़ा कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।

पुलिस जांच और ग्रामीणों का आक्रोश

​पीड़ित कचरिया बिसंद्रे की शिकायत पर मुलताई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस घटना के बाद ग्राम चौथिया में दहशत और भारी आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अमानवीय कृत्य को अंजाम देने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

ब्यूरो रिपोर्ट: ऑल इंडिया खबर, मुलताई

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ