मुलताई ( पाशा खान ) नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर चल रहे लंबे विवाद और कानूनी प्रक्रिया पर आज पूरी तरह से विराम लग गया है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश और उसके बाद सुप्रीम कोर्ट द्वारा वर्षा गढ़ेकर की अपील खारिज किए जाने के बाद, नीतू सिंह परमार के अध्यक्ष बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ। आज उन्होंने आधिकारिक रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया।
कांग्रेस नेताओं और पार्षदों की मौजूदगी में हुआ भव्य स्वागत
नगर पालिका सभा कक्ष में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह के दौरान भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और नगर पालिका के अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य रूप से पूर्व विधायक डॉ. पी.आर. बोडखे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित शिवहरे, और पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष किशोर सिंह परिहार ने शिरकत की। उनके साथ ही कमल सोनी, विनोद बेले, शेख जाकिर, नपा CMO वीरेंद्र तिवारी सहित सभी कांग्रेसी पार्षद, पूर्व पार्षद और नगर पालिका के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
तीसरी बार मिली जिम्मेदारी
पदभार ग्रहण करते ही नीतू सिंह परमार तीसरी बार मुल्ताई नगर पालिका की अध्यक्ष बन गई हैं। उपस्थित जनसमूह और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नीतू सिंह परमार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए नगर के विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।
ऑल इंडिया खबर के लिए मुल्ताई से रिपोर्ट।
0 टिप्पणियाँ