all india khabr

all india khabr

मुलताई: ​"शादी वाले घर में पसरा मातम: दो भाई जा रहे थे देव पूजन को, गुप्ता बस ने छीन ली खुशियां"

मुलताई (बैतूल): मुलताई-नागपुर नेशनल हाईवे पर एनस के पास आज दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सवारी उतारने के लालच में बस चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से आ रहे बाइक सवार संजू बरमासे की जान चली गई। इस घटना के बाद से मुलताई के गुरुसाह वार्ड में मातम पसरा हुआ है।

देव पूजन के लिए जा रहे थे दो भाई

जानकारी के अनुसार, संजू बरमासे के घर कल ही बेटे की शादी का मांगलिक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। आज दोपहर लगभग 1:00 से 1:30 बजे के बीच संजू बरमासे अपने बड़े भाई राजू बरमासे के साथ बाइक पर सवार होकर 'देव छोड़ने' (कुलदेवता के पूजन) की रस्म निभाने के लिए बैतूल की ओर निकले थे। बाइक छोटा भाई संजू ही चला रहा था।

हाईवे के बीच खड़ी कर दी बस

​प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुलताई से बैतूल की ओर जा रही गुप्ता ट्रेवल्स की बस के चालक ने एनस के पास सवारी उतारने के लिए बस को अचानक नेशनल हाईवे के बीच में ही रोक दिया। पीछे से आ रहे संजू बरमासे बस को नियंत्रित नहीं कर पाए और उनकी बाइक सीधे बस के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संजू के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

स्टाफ फरार, दुर्गेश साहू ने दिखाई मानवता

​दुर्घटना के तुरंत बाद संवेदनहीनता दिखाते हुए बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। हादसे की खबर मिलते ही मुलताई से समाजसेवी और कृष हॉस्पिटल के एम्बुलेंस संचालक दुर्गेश साहू तत्काल अपनी प्राइवेट एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुँचे। उन्होंने घायल संजू को उठाकर मुलताई अस्पताल पहुँचाया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही संजू बरमासे ने दम तोड़ दिया।

दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग

​संजू बरमासे की मौत की खबर मिलते ही मुल्ताई अस्पताल में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय नागरिकों में गुप्ता ट्रेवल्स के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर लापरवाही से बस रोकने वाले चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ