मुलताई (बैतूल): खुशियों के घर में मातम पसर गया है। मुलताई के गांधी चौक से फव्वारा चौक की रौनक कहे जाने वाले मिलनसार व्यक्तित्व, अनिल देशमुख (संचालक- देशमुख वॉच सेंटर) का कल एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। वे अपने पुत्र की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे, तभी काल ने उन्हें अपना ग्रास बना लिया।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल देशमुख जी मुलताई से साई खंडरा बेटे की शादी के कार्ड बांटने गए थे। कल शाम जब वे लौट रहे थे, तभी नेशनल हाईवे 47 अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनिल जी गंभीर रूप से चोटिल होकर सड़क से दूर जा गिरे। बताया जा रहा है कि वे लगभग आधे घंटे तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे। बाद में एक परिचित की नजर पड़ने पर मुलताई सूचना दी गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत बैतूल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने अंतिम सांस ली।
घर में थी शादी की तैयारियां
यह घटना इसलिए भी अधिक हृदयविदारक है क्योंकि उनके घर में विवाह की खुशियां दस्तक देने वाली थीं। आगामी 1 मई को उनके पुत्र का विवाह तय था। जिस पिता के कंधों पर बच्चों की खुशियों की जिम्मेदारी थी और जो खुद सबकी शादी के कार्ड बांटकर खुशियां साझा कर रहे थे, उनकी अचानक विदाई ने पूरे परिवार और क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
मुलताई ने खोया अपना 'मुस्कुराता चेहरा'
अनिल देशमुख जी केवल एक व्यापारी नहीं, बल्कि मुलताई की साझा संस्कृति के प्रतीक थे। उनका हंसमुख मिजाज ऐसा था कि वे रोते हुए व्यक्ति को भी हंसा देते थे। फव्वारा चौक से गांधी चौक तक का हर दुकानदार उनके हंसी-मजाक और जिंदादिली का कायल था।
व्यापारियों और परिचितों ने दी श्रद्धांजलि:
- पूर्व पार्षद खुराना जी ने बताया: "उनकी दुकान पर आने वाला ग्राहक कभी उदास होकर नहीं जाता था। वे अपनी बातों से सबका मन मोह लेते थे। उनका किसी से कोई विवाद नहीं था, वे बस प्यार बांटना जानते थे।"
- व्यापारी जय साहू ने बताया: "देशमुख जी 'सर्वधर्म सम्भाव' की प्रतिमूर्ति थे। वे सभी धर्मों के लोगों का सम्मान करते थे और हर छोटे-बड़े व्यक्ति से बेहद आत्मीयता के साथ मिलते थे। गांधी चौक से फव्वारा चौक तक निकलते समय वे हर दुकान वाले से हंसी-मजाक करते हुए निकलते थे।"
- बॉम्बे म्यूजिक के संचालक अफसर भाई: "अनिल देशमुख जी एक जिंदादिल हंसमुख व्यक्तित्व के धनी थे उनका ऐसे जान जाना निश्चित ही मुलताई के लिए एक बड़ी छती है"
पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल
अनिल जी के निधन की खबर मिलते ही मुलताई के व्यापारिक जगत और स्थानीय नागरिकों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। हर कोई उनके उस हंसमुख चेहरे को याद कर रहा है जो अब मुलताई की गलियों में नजर नहीं आएगा।
'All India Khabar' परिवार इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
रिपोर्ट: डेस्क, ऑल इंडिया खबर
0 टिप्पणियाँ