all india khabr

all india khabr

मुलताई दारू सिंडीकेट माफिया का 'असली पुष्पा' कौन? जिसके आगे प्रशासन से लेकर धर्म के ठेकेदार नेता तक सब 'नतमस्तक' हैं!

महापड़ताल: मुलताई दारू सिंडीकेट का 'काला साम्राज्य' 

[विशेष खोजी रिपोर्ट | पाशा खान | ऑल इंडिया खबर]

​मुलताई की फिजाओं में अब श्रद्धा की नहीं, बल्कि अवैध शराब के सिंडिकेट की गंध घुली हुई है। 'ऑल इंडिया खबर' की टीम जब गलियों में उतरी, तो ऐसे तथ्य सामने आए जो रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। मुलताई की पवित्र मिट्टी पर आज कानून की स्याही से ज्यादा अवैध शराब की बूंदें भारी पड़ रही हैं। यह केवल व्यापार नहीं, बल्कि सत्ता, सिस्टम और सिंडिकेट का एक 'अपवित्र त्रिकोण' है।

​पेश है महापड़ताल के वो 5 बिंदु, जो सिस्टम की चूलें हिला देंगे:

​1. प्रशासन का सरेंडर: क्या 'पुष्पा' के सामने कानून बौना है?

​फिल्म का किरदार कहता था— "मैं झुकेगा नहीं साला!", लेकिन मुलताई में प्रशासन की कार्यप्रणाली को देखकर लगता है जैसे उन्होंने माफिया के सामने घुटने टेक दिए हैं। 1 अप्रैल से सरकारी दुकानें बंद होने का मतलब शराबबंदी होना चाहिए था, लेकिन यहाँ तो समानांतर सप्लाई चेन खड़ी हो गई है। जब माफिया खुलेआम चुनौती दे रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारी अपने दफ्तरों से बाहर निकलने में क्यों हिचकिचा रहे हैं?

  • सवाल: क्या आबकारी विभाग के पास माफिया के इस 'पुष्पा राज' को खत्म करने की इच्छाशक्ति खत्म हो गई है?
  • सवाल: पुलिस का खुफिया तंत्र (Intelligence) माफिया के मुखबिरों के आगे इतना लाचार और फेल क्यों नजर आता है? क्या सिस्टम को अंदर से ही दीमक लग चुकी है?

​2. डिजिटल साक्ष्य की अनदेखी: QR कोड का 'खुला राज'

​आज के डिजिटल युग में अवैध शराब की पहचान करना सबसे आसान काम है। पकड़ी गई हर बोतल पर एक 'Unique QR Code' मौजूद है, जो 2 मिनट में यह बता सकता है कि माल किस डिपो से निकला और किस ठेकेदार को अलॉट हुआ। बावजूद इसके, पुलिस की FIR में 'अज्ञात' शब्द का इस्तेमाल क्यों होता है?

  • सवाल: जब बोतल का नंबर और QR कोड असली गुनहगार का नाम चिल्ला-चिल्ला कर बता रहा है, तो जांच अधिकारी उस कोड को स्कैन करके बड़े मगरमच्छों तक क्यों नहीं पहुँचते?
  • सवाल: क्या प्रशासन इतना लाचार हो गया है कि वह उस 'अदृश्य पुष्पा' (मास्टरमाइंड ठेकेदार) की कॉलर पकड़ने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहा? क्या जांच को जानबूझकर भटकाया जा रहा है?

​3. 'पवित्र नगरी' का अपमान और नेताओं का पाखंड

​मुलताई, जो मां ताप्ती की उद्गम स्थली है, वहां शराब की 'होम डिलीवरी' का नेटवर्क जोमैटो-स्विगी से भी तेज काम कर रहा है। चुनाव के वक्त मर्यादा और संस्कृति के नाम पर सीना पीटने वाले धर्म के स्वघोषित ठेकेदार और नेता आज मौन व्रत धारण किए हुए हैं। आज मुलताई की 'पवित्रता' का चीरहरण हो रहा है, लेकिन इन ठेकेदारों का 'नग्न-नृत्य' (दोगुलापन) सामने आ गया है।

  • सवाल: मंदिर, मस्जिद और स्कूल की दीवारों के पास शराब बिकना क्या हमारी संस्कृति का हिस्सा है? धर्म के रक्षक अब कहाँ दुबके हैं?
  • सवाल: क्या सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों ने माफिया के मुनाफे के आगे सामूहिक आत्मसमर्पण कर दिया है? क्या माफिया के नोटों ने इनकी 'क्रांतिकारी आवाज' का गला घोंट दिया है?

​4. प्यादों पर कार्रवाई, आकाओं को अभयदान

​मुलताई पुलिस का तमाशा देखिये— किसी गरीब मजदूर, ऑटो चालक या छोटी गुमटी चलाने वाले 'प्यादे' को पकड़कर जेल भेजना और बड़े 'मगरमच्छों' को सलाम ठोंकना। जो लोग सड़कों पर माल सप्लाई कर रहे हैं, वे तो सिर्फ मोहरे हैं। असली मालिक जो आलीशान बंगलों में बैठकर यह सिंडिकेट चला रहे हैं, उन पर हाथ डालने से खाकी क्यों कतराती है?

  • सवाल: पुलिस की डायरी में उन बड़े 'किंगपिन' के नाम क्यों नहीं दर्ज होते जो पूरे जिले की शराब सप्लाई कंट्रोल कर रहे हैं?
  • सवाल: क्या यह खाकी की लाचारी है या माफिया के साथ किया गया कोई गहरा 'गुप्त समझौता'? प्यादों पर गाज और आकाओं पर नाज क्यों?

​5. युवाओं की बर्बादी और ब्लैक का बेलगाम व्यापार

​शराब दुकानें बंद होने का सबसे बड़ा फायदा माफिया को हुआ है। आज मुलताई में शराब 'ब्लैक' में डबल रेट पर बिक रही है। माफिया ने कृत्रिम किल्लत पैदा कर दी है और जनता की जेब पर सरेआम डाका डाला जा रहा है। सबसे डरावनी बात यह है कि युवा पीढ़ी इस सिंडिकेट का सबसे बड़ा शिकार बनकर नशे की दलदल में धंस रही है।

  • सवाल: क्या प्रशासन को अंदाजा है कि शराब के इस अवैध कारोबार से बढ़ने वाला अपराध ग्राफ मुलताई को किस ओर ले जा रहा है? क्या राजस्व की आड़ में एक पूरी पीढ़ी को नशेड़ी बनाने का लाइसेंस दे दिया गया है?
  • सवाल: इस माफिया सिंडिकेट का 'असली पुष्पा' कौन है, जिसके खौफ या प्रभाव के कारण पूरा जिला प्रशासन नतमस्तक है? स्थानीय जनप्रतिनिधि इस लूट पर चुप क्यों हैं?

'ऑल इंडिया खबर' का संकल्प: हम केवल खबरें नहीं दिखाते, हम व्यवस्था से सवाल पूछते हैं। मुलताई की जनता को जवाब चाहिए— आखिर कब तक यह 'पुष्पा राज' कानून की धज्जियां उड़ाता रहेगा?

#MultaiMafiaExposed #AllIndiaKhabar #PashaKhanInvestigation #MahiMultai #InvestigationReport

एक टिप्पणी भेजें

1 टिप्पणियाँ