बैतूल ( पाशा खान )। जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम चूना लोमा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहाँ शराब के पैसों के विवाद में एक पुत्र ने अपने ही पिता के सिर पर पत्थर मारकर उनकी निर्मम हत्या कर दी। बैतूल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हादसे की कहानी गढ़ी, पर पुलिस से नहीं बच सका कातिल
घटना 8 मई की रात की है। शुरुआत में आरोपी पुत्र अनिल उइके ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि उसके पिता सद्दू उइके शराब के नशे में पत्थर पर गिर गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई। लेकिन पुलिस को घटनास्थल के निरीक्षण और मृतक के शरीर पर मौजूद चोटों के निशानों को देखकर संदेह हुआ। जब पुलिस ने आरोपी से सघन पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
क्या था विवाद का कारण?
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अनिल का पिता सद्दू उससे शराब पीने के लिए बार-बार पैसे मांग रहा था। अनिल ने दो बार पैसे दिए, लेकिन जब पिता ने तीसरी बार पैसे मांगे तो मना करने पर दोनों के बीच झूमाझटकी शुरू हो गई। इसी दौरान तैश में आकर अनिल ने पास ही पड़ा एक भारी पत्थर अपने पिता के सिर पर दे मारा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की प्रभावी कार्रवाई
एसपी श्री वीरेंद्र जैन के निर्देश और एएसपी श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी को तत्काल सुलझाया।
- बरामदगी: पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
- कोर्ट का फैसला: आरोपी अनिल (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस मामले को सुलझाने में निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उप निरीक्षक राकेश सरयाम, प्रधान आरक्षक अजय, आरक्षक ओमकार और संदीप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी वीरेंद्र जैन ने टीम की इस सफलता पर पूरी टीम की सराहना की है।
ब्यूरो रिपोर्ट: All India Khabar
0 टिप्पणियाँ