मुलताई (ब्यूरो चीफ):
बैतुल जिले के मुलताई क्षेत्र में नरवाई (फसल अवशेष) जलाना अब केवल पर्यावरण के लिए खतरा नहीं, बल्कि रिहायशी इलाकों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों के लिए 'बम' साबित हो रहा है। बीती मंगलवार रात बिरूल बाजार में एक ऐसा ही मंजर देखने को मिला, जहाँ लापरवाही की आग ने सैकड़ों जिंदगियों को खतरे में डाल दिया था।
खेतों से शुरू हुआ तांडव, निशाने पर 'लकी साईं पेट्रोल पंप'
जानकारी के मुताबिक, बिरूल बाजार स्थित लकी साईं पेट्रोल पंप के पास के खेतों में अज्ञात लोगों द्वारा नरवाई में आग लगाई गई थी। हवा के तेज झोंकों के साथ यह आग बेकाबू होकर सीधे पेट्रोल पंप की बाउंड्री तक जा पहुंची। देखते ही देखते धुएं के गुबार और ऊंची लपटों ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्थानीय लोगों और पंप पर मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ मच गई।
देवदूत बनकर पहुंची दमकल टीम
सूचना मिलते ही मुलताई से दमकल विभाग की टीम मौके पर रवाना हुई। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मोर्चा संभाला।
- पायलट: राहुल चंडालिया
- फायरमैन: दीपक अहिरवार और भूपेंद्र सिंह राठौर इन जांबाज कर्मियों की तत्परता का ही परिणाम था कि आग को पंप के फ्यूल टैंक तक पहुँचने से पहले ही रोक लिया गया। यदि कुछ मिनटों की भी देरी होती, तो बिरूल बाजार में एक भीषण विस्फोट और बड़ी जनहानि निश्चित थी।
संचालक ने उठाए सुरक्षा पर सवाल, कार्रवाई की मांग
पेट्रोल पंप संचालक अमित कोसे ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोसे का कहना है कि प्रशासन के प्रतिबंध के बावजूद कुछ लोग जानबूझकर खेतों में आग लगा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि ऐसे लापरवाह लोगों को चिन्हित कर उन पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी निर्दोष की जान न जाए।
ऑल इंडिया खबर का नजरिया
नरवाई जलाना कानूनी अपराध है, फिर भी क्षेत्र में यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। बिरूल बाजार की यह घटना एक चेतावनी है। क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में है? 'ऑल इंडिया खबर' अपील करता है कि किसान भाई नरवाई न जलाएं और जागरूक नागरिक बनें।
रिपोर्ट: पाशा खान (ऑल इंडिया खबर)
स्थान: मुलताई, मध्य प्रदेश
0 टिप्पणियाँ