all india khabr

all india khabr

बेशकीमती नजूल भूमि पर अवैध निर्माण, जनसुनवाई में पहुँचा मामला; रास्ते पर कब्जे का आरोप ।


मूलताई ( पाशा खान )। नगर के हृदय स्थल फव्वारा चौक क्षेत्र में सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है। विवेकानंद वार्ड निवासी आवेदिका हरप्रीत खुराना ने आज जिला प्रशासन और नगर पालिका को साक्ष्यों के साथ शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

मुख्य मार्ग का रास्ता रोकने की कोशिश

​शिकायत के अनुसार, फव्वारा चौक मुख्य मार्ग से ताप्ती सरावेर और जैन कोल्ड्रिंक रोड की ओर जाने वाला रास्ता (नजूल शीट क्रमांक 21, भूखंड क्रमांक 87/1, क्षेत्रफल 43.80 वर्ग मीटर) राजस्व रिकॉर्ड में 'नगर पालिका का रास्ता' दर्ज है। आरोप है कि पड़ोसी भूखंड (87/2) के मालिक रतनसिंह द्वारा इस सार्वजनिक रास्ते पर अवैध रूप से आरसीसी निर्माण कर कब्जा किया जा रहा है।

प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी

​दस्तावेजों से खुलासा हुआ है कि यह विवाद नया नहीं है:

  • 2006: नगर पालिका ने नोटिस जारी कर निर्माण पर रोक लगाई थी।
  • 2015: नियमों के उल्लंघन के कारण भवन निर्माण की अनुमति निरस्त कर दी गई थी।
  • 2026: अब लगभग 20 साल बाद पुनः उसी बेशकीमती सरकारी ज़मीन पर अवैध निर्माण की कोशिश की जा रही है।

जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार

​आवेदिका ने आज जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर, एसडीएम और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपे पत्र में स्पष्ट किया कि अनावेदक के पास इस निर्माण के लिए नजूल विभाग या नगर पालिका की कोई एनओसी (NOC) नहीं है। यह निर्माण न केवल अवैध है बल्कि 'पब्लिक न्यूसेंस' पैदा कर रहा है, जिससे भविष्य में आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

​"अनावेदक की नियत बेशकीमती शासकीय संपत्ति को हथियाने की है। हमने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध स्थायी अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए और वैधानिक कार्रवाई की जाए।" - हरप्रीत खुराना (आवेदिका)


ऑल इंडिया खबर की पड़ताल

​मौके पर मौजूद निर्माणाधीन स्थल की तस्वीरें स्पष्ट करती हैं कि बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य जारी है। अब सवाल यह उठता है कि बार-बार नोटिस जारी होने के बाद भी नगर पालिका प्रशासन इस अवैध निर्माण को पूरी तरह रोकने में नाकाम क्यों रहा है?

ब्यूरो रिपोर्ट: ऑल इंडिया खबर, मुल्ताई

ताजा खबरों के लिए जुड़े रहें हमारे साथ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ