बैतूल (म.प्र.) - जिले की सारनी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जय स्तंभ चौक के पास एक दिव्यांग युवक की तीन पहिया बैटरी चालित साइकिल में अचानक ब्लास्ट हो गया, जिससे आग लग गई। आग की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
मृतक की पहचान सुनील कुमार लोखंडे (गुड्डू) पिता बलीराम लोखंडे निवासी सारनी के रूप में हुई है। सुनील दिव्यांग होने के बावजूद बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपना जीवनयापन करते थे।
सुनील ने इंजीनियरिंग (B.E.) की पढ़ाई की थी, लेकिन पढ़ाई के दौरान ही उनके जोड़ों का लिक्विड सूखने लगा, जिससे वे दिव्यांग हो गए। बावजूद इसके उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बच्चों को पढ़ाकर जीवनयापन करते रहे।
जिस तीन पहिया ट्राइसाइकिल में यह हादसा हुआ, वह करीब ढाई साल पहले स्व-निधि योजना के तहत नगर पालिका द्वारा दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी भेजा, जहां आज पीएम किया जाएगा।
लोग मांग कर रहे हैं कि घटना की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि बैटरी ब्लास्ट कैसे हुआ, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो 😔।
0 टिप्पणियाँ